
उधम सिंह नगर – फैक्ट 24 न्यूज़: उत्तराखंड के प्रवेश द्वार रुद्रपुर स्थित इंदिरा चौक पर बनी एक अवैध मजार को सोमवार तड़के जिला प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की संयुक्त कार्रवाई में हटा दिया गया। यह मजार लंबे समय से राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण परियोजना में बाधक बनी हुई थी।
कार्रवाई से पहले प्रशासन की ओर से विधिवत नोटिस जारी किया गया था। सर्वे रिपोर्ट के अनुसार, उक्त मजार एक ही नाम से बनी कई अवैध ‘फ्रेंचाइजी’ मजारों में से एक थी, जो न सिर्फ राजमार्ग के विस्तार में रुकावट बन रही थी, बल्कि यातायात व्यवस्था को भी प्रभावित कर रही थी।
सोमवार सुबह भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई और जेसीबी मशीनों की रोशनी में आधे घंटे के भीतर मजार को हटाकर सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू कर दिया गया।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अनुसार, इंदिरा चौक खटीमा, पानीपत, दिल्ली और अल्मोड़ा को जोड़ने वाले मुख्य मार्गों का मिलन बिंदु है, जहां हर दिन भारी मात्रा में यातायात गुजरता है। चौराहा अकसर जाम की समस्या से ग्रस्त रहता है। अब इस मार्ग को छह लेन में परिवर्तित किया जा रहा है।
एडीएम पंकज उपाध्याय ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अभियंताओं ने मजार को मार्ग चौड़ीकरण में प्रमुख बाधा बताया था, जिस पर आज प्रभावी कार्रवाई की गई। चौड़ीकरण के बाद यातायात दबाव में उल्लेखनीय कमी आएगी।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार अब तक 534 अवैध धार्मिक संरचनाओं को हटाने की कार्रवाई कर चुकी है। यह अभियान राज्य में कानून व्यवस्था और विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
