
हल्द्वानी – फैक्ट 24 न्यूज़ : हल्द्वानी नगर निगम चुनाव में सियासत ने एक नया मोड़ ले लिया है। समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी शोएब अहमद ने अप्रत्याशित रूप से अपना नामांकन वापस ले लिया है। इस फैसले से हल्द्वानी की चुनावी राजनीति में हलचल मच गई है। शोएब अहमद के नामांकन वापसी के बाद अब नगर निगम चुनाव में कांग्रेस की राह आसान हो सकती है, चूँकि बनभूलपुरा में कांग्रेस का एक बड़ा वोट बैंक है, अब सपा का वोट भी कांग्रेस को शिफ्ट हो सकता है।
शोएब अहमद का नामांकन वापस लेना अन्य दलों के लिए राहत और चुनौती दोनों साबित हो सकता है। राजनीतिक विशेषज्ञ मान रहे हैं कि सपा के इस कदम से कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला और भी दिलचस्प हो जाएगा। अब हल्द्वानी नगर निगम चुनाव में सपा का भविष्य और उसकी भूमिका पर कयास लगाए जा रहे हैं। चुनावी मैदान से शोएब अहमद के हटने से मतदाता और कार्यकर्ता भी असमंजस में हैं। सियासत के इस नए मोड़ ने चुनावी माहौल को और भी रोमांचक बना दिया है। इधर भाजपा को समर्थन देते हुए निर्दलीय उम्मीदवार रूपेंद्र नागर ने भी अपना नामांकन वापस ले लिया है।
